November 18, 2026

Jaspur Times

News Portal

महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने शुरू किया डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का शुभारंभ

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का शुभारंभ किया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस पहल की शुरुआत की।

इस दौरान बंशीधर तिवारी ने कहा कि बदलते डिजिटल दौर में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को आम जनता तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी प्रमाणिकता की जांच करना बेहद जरूरी है। वहीं, उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और लोकपर्वों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

हरेला, इगास और छठ जैसे पर्वों का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचनाओं और जनजागरूकता के प्रसार के लिए करने की अपील की।

इससे पहले उन्होंने जिला सूचना कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अपर जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी सहित कार्यालय के अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

डिजिटल दौर में सरकारी सूचनाओं को आमजन तक पहुंचाने की यह पहल कितनी प्रभावी साबित होती है, यह आने वाला समय बताएगा