November 29, 2026

Jaspur Times

News Portal

जसपुर में भाजपा ने कांग्रेस को दिया सियासी झटका, सैकड़ों सिखों ने थामा पार्टी का दामन

पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल के नेतृत्व में कई गांवों के सिख समुदाय के लोग भाजपा में शामिल, विधायक आदेश चौहान पर लगाए तीखे आरोप

उस्मान अहमद

जसपुर। जसपुर की राजनीति में भाजपा ने अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए कांग्रेस को सियासी चुनौती दी है। कई गांवों के सिख समुदाय के सैकड़ों लोगों ने पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल के नेतृत्व में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल हुए लोगों का भाजपा पदाधिकारियों ने पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में आगामी राजनीतिक समीकरणों और क्षेत्रीय विकास को लेकर भी सियासी माहौल गर्म नजर आया।

हाईवे स्थित एक होटल में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने कांग्रेस विधायक आदेश चौहान पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के दस वर्षों के कार्यकाल में जसपुर क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हुआ, बल्कि उन्होंने अपने व्यक्तिगत विकास को प्राथमिकता दी। डॉ. सिंघल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक खुद सोने के हो गए हैं, जबकि क्षेत्र की जनता विकास की बाट जोह रही है।

पूर्व विधायक ने विधायक पर गरीब किसानों की जमीन औने-पौने दामों में खरीदने और बाद में विधायक निधि से उन क्षेत्रों में सड़कें बनवाकर मोटी रकम कमाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने इन आरोपों के जरिए विधायक की कार्यशैली और उनकी कथित प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए। हालांकि, इन आरोपों पर विधायक आदेश चौहान ने एक फेसबुक चैनल को दिए अपने बयान में अपने ऊपर लगे सभी इन आरोपों का खंडन करते हुए डॉक्टर सिंगल को दिमाग का इलाज करने की सलाह दी है।

डॉ. सिंघल ने विधायक पर निशाना साधते हुए उन्हें रावण की संज्ञा दी और घमंडी व अहंकारी बताते हुए कहा कि जनता समय आने पर इसका जवाब देगी। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक चर्चा तेज रही।

कार्यक्रम में भरतपुर-मेघावाला मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुंबर और महुआडाबरा मंडल अध्यक्ष मनप्रीत सिंह सहित भाजपा पदाधिकारियों ने नवागत सदस्यों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार गुंबर ने की, जबकि संचालन त्रिलोचन फौजी ने किया।

इस दौरान सरवन सिद्धू, दीपक अरोरा, धर्मन्द्र प्रधान,सरदुल सिंह, हरनाम सिंह, अमृत सिंह, अमृत सोकर, अवतार सिंह, लवप्रीत सहोता, मंजीत सिंह, अमन सिंह, पपेंद्र सिंह, रविंद्र खन्ना सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

सियासी मायने: जसपुर में सिख समुदाय के सैकड़ों लोगों के भाजपा में शामिल होने के इस घटनाक्रम को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्व विधायक डॉ. सिंघल ने सदस्यता अभियान के साथ कांग्रेस विधायक पर सीधा हमला बोलकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। आने वाले दिनों में इस घटनाक्रम का स्थानीय सियासी समीकरणों पर क्या असर पड़ता है, यह देखना दिलचस्प होगा।