रुद्रपुर। सिडकुल की विंडल्स प्रिसिजन कंपनी के श्रमिक की मौत के बाद हंगामा हो गया। परिजन और परिचित ई-रिक्शा पर शव रखकर कंपनी गेट पर पहुंच गए और जमकर हंगामा काटा। उन्होंने श्रमिक की जहर देकर हत्या करने की आशंका जताई। मृतक की पत्नी ने बदहवास होकर गेट से अंदर घुसने की कोशिश की। तीन घंटे तक हंगामे के बाद पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया।
वार्ड नंबर 12 रेशमबाड़ी निवासी खानचरन (45) सिडकुल की सेक्टर छह स्थित विंडल्स प्रिसिजन कंपनी में 18 साल से काम करता था। बुधवार दोपहर वह गेट पास लेकर कंपनी से चला गया था। घर पहुंचने पर उसको उल्टियां होने के साथ ही तबीयत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक की पत्नी विमला देवी, बेटे और मोहल्ले के लोग शव लेकर कंपनी गेट पर पहुंच गए।उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश के तहत खानचरन की जहर देकर हत्या की गई है। कंपनी के कुछ श्रमिक उससे रंजिश रखते थे। इस दौरान मृतक की पत्नी बदहवास होकर रोती बिलखती रही। उसने फैक्टरी के अंदर घुसने का प्रयास भी किया। घटना की जानकारी पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, भाजपा नेता सुशील गाबा सहित सिडकुल चौकी पुलिस भी कंपनी गेट पर पहुंच गई। उन्होंने परिजनों को समझाने की कोशिश की, मगर वे न्याय की जिद पर अड़ गए।
इसके बाद ठुकराल के साथ मृतक के भाई और बेटा कंपनी के अंदर गए और सीसीटीवी फुटेज देखी। इसमें मृतक सही सलामत पैदल कंपनी गेट से बाहर निकलता दिख रहा है। कंपनी के प्लांट हेड राजेश सिप्प्ल भी लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने मीडिया को बताया कि खानचरन 18 साल से कंपनी में काम कर रहा था और संदिग्ध परिस्थितियों में उसका देहांत हुआ है। प्रबंधन की परिवार के साथ संवेदना है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण पता चलेगा। मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद देने की प्रक्रिया की जाएगी। बताया कि मृतक मशीन चलाने का काम करता था। पुलिस के साथ ही ठुकराल और गाबा के समझाने पर परिजन पुलिस को तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए और हंगामा खत्म हो गया।

संपादक – जसपुर टाइम्स
पता – लकड़ी मंडी चौराहा, पतरामपुर रोड, जसपुर, 244712
संपर्क – 9927277888
व्हाट्सप्प – 8279368237

More Stories
जसपुर में व्यवसायी की संदिग्ध हालात में मौत
अग्रवाल सभा का शपथ ग्रहण आज
जसपुर में स्मैक के साथ एक दबोचा