April 25, 2026

Jaspur Times

News Portal

उत्तराखंड आपदा:जन्मदिन भूल कर सीएम धामी सुबह से ही उतरे मोर्चे पर,अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

देहरादून।16 सितंबर को अपने 50वें जन्मदिवस के मौके पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, सुबह से ही प्रदेश में आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने आज सुबह आपदा प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री एक दिन पहले ही अपने जन्मदिवस के अवसर पर कोई उत्सव या औपचारिक आयोजन नहीं करने का निर्णय ले चुके थे। मुख्यमंत्री ने सभी समर्थकों से भी सादगी का पालन करने की अपील की थी। मंगलवार तड़के से ही प्रदेश में कई जगह आपदा की सूचना आने पर मुख्यमंत्री आपदा प्रबंधन में व्यस्त हो गए।

मुख्यमंत्री ने सुबह तड़के ही जिलाधिकारियों से आपदा से हुए, नुकसान का विवरण पूछा। साथ ही नौ बजे से पहले ही देहरादून में मालदेवता क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए निकल गए। इस दौरान उन्होंने ट्रैक्टर पर चढ़कर, नुकसान का जायदा लिया, साथ ही प्रभावितों को हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास से प्रदेशभर की सभी तहसीलों में आयोजित तहसील दिवस कार्यक्रमों में वर्चुअल प्रतिभाग कर जनता से संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तहसील दिवस आमजन की समस्याओं के समाधान का सशक्त मंच है तथा सरकार का लक्ष्य है कि हर शिकायत का तय समय में निस्तारण हो।

प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं प्रेषित की। अपने शुभकामना संदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, मख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखण्ड के चहुंमुखी विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के साथ देवभूमि की प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गड़करी, श्री धर्मेंद्र प्रधान, श्री मनोहर लाल खट्टर, डॉ. मनसुख मंडाविया, उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेज (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, गोवा के सीएम श्री प्रमोद सावंत, राजस्थान के सीएम श्री भजनलाल शर्मा, एमपी के सीएम डॉ. मोहनलाल यादव, लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला सहित कई अन्य दिग्गजों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकानाएं प्रेषित की।

You may have missed