April 25, 2026

Jaspur Times

News Portal

मातम मे बदली शादी की खुशियाँ,दुर्घटना में दूल्हे के सगे भाई और चचेरे भाई की मौत

गदरपुर नेशनल हाईवे पर हुए कार हादसे ने एक परिवार के शादी के जश्न को मातम में बदल दिया। दुर्घटना में दूल्हे के सगे भाई और चचेरे भाई की मौत हो गई जबकि दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए हल्द्वानी ले जाया गया है। ग्राम खेमरी, थाना बिलासपुर जिला रामपुर निवासी प्रकाश सिंह बिष्ट के बेटे प्रियांशुल बिष्ट का शनिवार को सामिया लेक सिटी रुद्रपुर निवासी साक्षी के साथ नवाबगंज के प्रीत पैलेस में विवाह हुआ था। रविवार तड़के तीन बजे फेरों की रस्म चल रही थी।

इस बीच प्रियांशुल का छोटा भाई अंशुल (27) अपनी कार से चचेरे भाई आयुष बिष्ट (24) निवासी तोमर कॉलोनी मातपुर, कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल और दो अन्य साथियों रोहित सिंह, राजेंद्र पंड्या के साथ गदरपुर आया था। करीब पौने चार बजे उनकी तेज रफ्तार कार महतोष में भाखड़ा पुल के पास रुद्रपुर जा रहे धान भरे वाहन में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखचे उड़ गए। कार चला रहा अंशुल और उसके बगल में बैठा आयुष कार के अंदर ही फंस गए। पीछे बैठे रोहित सिंह और राजेंद्र पंड्या भी जख्मी हो गए। दुर्घटना की जानकारी होने पर प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक और महतोष चौकी के एसआई मुकेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।गैस कटर की मदद से कार के अंदर फंसे युवकों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने आयुष बिष्ट को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर अंशुल ने भी दम तोड़ दिया। रोहित सिंह और राजेंद्र पंड्या को इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया। हादसे की जानकारी के बाद विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने आयुष बिष्ट और अंशुल बिष्ट के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद ग्राम खेमारी स्थित श्मशानघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

You may have missed