April 25, 2026

Jaspur Times

News Portal

सेवानिवृत्त कार्मिक समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम धामी से की मुलाक़ात

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सेवानिवृत्त कार्मिक समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में भेंट कर राज्य के पेंशनरों की विभिन्न मांगों के समाधान का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने समिति द्वारा प्रस्तुत मांगों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ समुचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सेवानिवृत्त कार्मिकों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक हमारी धरोहर हैं और उनकी बेहतरी के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने 30 जून और 31 दिसम्बर को सेवानिवृत्त कार्मिकों को नोशनल वेतन वृद्धि दिए जाने से संबंधित समिति की मांग पर शीघ्र उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने समिति की मांगों पर कार्मिक सचिव को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

सेवानिवृत्त कार्मिक समन्वय समिति के मुख्य संयोजक श्री सुमन सिंह वाल्दिया के नेतृत्व में मिले इस प्रतिनिधिमंडल ने सेवानिवृत्त कार्मिकों को जनवरी 2006 से नोशनल वेतन वृद्धि का लाभ दिए जाने के साथ ही राशिकरण की कटौती, हिमाचल की तर्ज पर पेंशन बढ़ोत्तरी तथा गोल्डन कार्ड से संबंधित मांग प्रस्तुत की। प्रतिनिधिमंडल में समिति के संयोजक सचिव श्री नवीन नैथानी, श्री हरीश चन्द्र नौटियाल, श्री आर.पी.पन्त आदि भी सम्मिलित थे।

समिति के पदाधिकारियों ने सेवानिवृत्त कार्मिकों की मांगों पर मुख्यमंत्री द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के स्तर से हुई संवाद की पहल सराहनीय है। राज्य के समूचे बुजुर्ग पेंशनर्स के बीच एक उत्साहजनक संदेश गया है।

You may have missed