March 13, 2026

Jaspur Times

News Portal

दर्दनाक सड़क हादसा:तेज रफ्तार ने ली एक युवक की जान, चार घायल

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में काशीपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. तीन अन्य घायल युवकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है.

अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को मारी टक्कर: जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर थाना क्षेत्र के पद्मा कॉलोनी और डिबडिबा क्षेत्र के निवासी चार युवक बीती रात करीब 9 बजे दो बाइकों पर सवार होकर काशीपुर मार्ग की ओर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे में ये लोग हुए घायल: हादसे में पद्मा कॉलोनी, डिबडिबा निवासी संजीव पुत्र रामबाबू (उम्र 24 वर्ष), सोमपाल पुत्र रामदास (उम्र 28 वर्ष), विजय कश्यप पुत्र भूरा (उम्र 25 वर्ष) निवासी नरपत नगर जाफरपुर समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

इलाज के दौरान संजीव ने तोड़ा दम: अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसी दौरान घायल संजीव की हालत बिगड़ने लगी. परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे दोबारा जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान संजीव की मौत हो गई.

अन्य तीन युवकों का इलाज जारी: युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, अन्य तीन घायल युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

“पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. ताकि, हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके. जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”- अनिल जोशी, एसएसआई