रुद्रपुर: उधम सिंह नगर में एसएसपी अजय गणपति सख्त नजर आ रहे हैं. जिसके तहत एसएसपी ने अवैध खनन पर रोक लगाने में लापरवाही और ड्यूटी के प्रति उदासीनता बरतने पर शक्तिफार्म चौकी प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है. एसएसपी ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बता दें कि उधम सिंह नगर जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए हैं. इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शक्तिफार्म चौकी प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है. यह कार्रवाई ड्यूटी में लापरवाही और अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप में की गई है.
अवैध मिट्टी खनन पर एक्शन: जानकारी के मुताबिक, हाल ही में शक्तिफार्म चौकी क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन से संबंधित जानकारी सामने आई थी. जिसका एसएसपी अजय गणपति ने गंभीरता से संज्ञान लिया और मामले की समीक्षा कराई. जांच में पाया गया कि क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन संबंधित पुलिसकर्मियों ने इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया
शक्तिफार्म चौकी प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर: इसके साथ ही ड्यूटी के प्रति उदासीनता और लापरवाही भी सामने आई. इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से शक्तिफार्म चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रकाश चंद्र भट्ट समेत वहां तैनात कुल 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए.
“अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जो दिशा-निर्देश दिए जाते हैं, उनका सख्ती से पालन करना अनिवार्य है. यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना भी है. ऐसे में ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा.”- अजय गणपति, एसएसपी, उधम सिंह नगर
एसएसपी गणपति की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल देखने को मिल रही है. साथ ही ये संदेश भी गया है कि जिले में अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

संपादक – जसपुर टाइम्स
पता – लकड़ी मंडी चौराहा, पतरामपुर रोड, जसपुर, 244712
संपर्क – 9927277888
व्हाट्सप्प – 8279368237

More Stories
रमज़ान पर विशेष:अमीर-गरीब के बीच रिश्ता कायम करती है जकात : शमीम अख्तर
बाजपुर में हादसे में अजमेर शरीफ से लौट रही वृद्धा की मौत
जनरल बिपिन रावत की जयंती पर मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया