July 6, 2026

Jaspur Times

News Portal

उत्तराखंड सरकार के पाँच साल बेमिशाल:बैडमिंटन प्रतियोगिता संपन्न, 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

उत्तराखंड सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” कार्यक्रम के अंतर्गत बैडमिंटन प्रतियोगिता संपन्न, 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार के सफल 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” साप्ताहिक खेलकूद कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर में भव्य बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला क्रीड़ा कार्यालय, उधम सिंह नगर के तत्वावधान में जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों, खेल अकादमियों एवं प्रशिक्षण केंद्रों से लगभग 200 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे माननीय सुरेश भट्ट, उपाध्यक्ष, राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद (दर्जा राज्य मंत्री, उत्तराखंड सरकार) तथा श्री गुंजन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ प्रतियोगी भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-15 बालक/बालिका एवं ओपन पुरुष/महिला वर्ग में किया गया। सभी मुकाबले रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया।
अंडर-15 बालक वर्ग में प्रबल कार्की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15-10 एवं 15-9 से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि मनीष रावत उपविजेता रहे। अंडर-15 बालिका वर्ग में एंजेल भट्ट ने 15-7 एवं 15-11 से मुकाबला जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा सिद्धि उपविजेता रहीं।
ओपन पुरुष वर्ग में प्रतीक रावत ने कड़े मुकाबले में 15-12 एवं 15-13 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि पार्थ सिन्हा उपविजेता रहे। ओपन महिला वर्ग में मानसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 15-11 एवं 15-8 से जीत दर्ज कर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा माही यादव उपविजेता रहीं।
प्रतियोगिता में पीयूष धनु (इम्यूनिटी पब्लिक स्कूल), शान राणा (जेएसएस पब्लिक स्कूल) तथा डी.सी. बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का समापन माननीय विधायक श्री शिव अरोड़ा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत, एथलेटिक्स कोच रघुवीर सिंह विर्क, कबड्डी कोच गौरव उपाध्याय, क्रिकेट कोच नवनीत राय, हैंडबॉल कोच रघु रावत, एथलेटिक्स कोच हरीश राम, हॉकी कोच मोहित रावत, बास्केटबॉल कोच सुधा जोशी, फेंसिंग कोच स्मिता नेगी तथा वॉलीबॉल कोच गुरमीत सिंह गुरनूर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन हरीश गाने द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक के रूप में उमेश गढ़िया एवं गोविंद परिहार (बैडमिंटन कोच) ने निष्पक्ष एवं सफल संचालन की जिम्मेदारी निभाई।
अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान का उद्देश्य खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना तथा नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनपद में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाता रहेगा, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का गौरव बढ़ा सकें।