July 12, 2026

Jaspur Times

News Portal

जसपुर सरकारी अस्पताल में लगा मेगा विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, 1137 मरीजों को मिला मुफ्त इलाज

जसपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसपुर में शनिवार को सेवा सप्ताह के अंतर्गत एक दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जसपुर के विधायक आदेश चौहान द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए आमजन से स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत ने बताया कि शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर के साथ-साथ जिला चिकित्सालय रुद्रपुर एवं उप जिला चिकित्सालय काशीपुर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया। शिविर में कुल 1,137 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिन्हें विशेषज्ञ परामर्श के साथ आवश्यक जांच, एक्स-रे तथा निशुल्क दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने बताया कि शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, मानसिक रोग, हृदय रोग, हड्डी संबंधी समस्याओं सहित अन्य बीमारियों से ग्रस्त मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपचार किया गया।

डॉ. गहलोत के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम जैन, फिजिशियन डॉ. कीर्ति मेहरा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव पुनेठा, सर्जन डॉ. तनुज सिंह तोमर, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. आशु सिंघल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गीतांजलि सहित डॉ. जितेंद्र, डॉ. अर्पित, डॉ. अविरल चौहान, डॉ. महताब, डॉ. हर्षिता, डॉ. संयम, डॉ. साजिद, राहुल, रवि एवं राकेश ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर के सफल संचालन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर के अंतर्गत संचालित विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), आशा फैसिलिटेटर एवं विभिन्न क्षेत्रों से आई आशा कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।