July 12, 2026

Jaspur Times

News Portal

उपाध्यक्ष विनय रूहेला ने जसपुर में मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा की

जसपुर,11 जुलाई, 2026

उपाध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून एवं पूर्व उपाध्यक्ष, राज्य योजना आयोग (कैबिनेट मंत्री स्तर) श्री विनय रूहेला की अध्यक्षता में तहसील सभागार, जसपुर में मानसून अवधि के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन एवं पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप जिलाधिकारी, जसपुर राहुल शाह, तहसीलदार जसपुर श्री दलिप सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री उमाशंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए माननीय उपाध्यक्ष ने सभी विभागों को मानसून अवधि के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत, अग्निशमन, पूर्ति, जल संस्थान, जल निगम एवं पशुपालन विभाग को आवश्यक संसाधनों, मशीनरी, दवाइयों एवं राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी रखने, नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखने तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में माननीय उपाध्यक्ष श्री विनय रूहेला ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें। साथ ही बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।