October 24, 2026

Jaspur Times

News Portal

इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) की CSR पहल से 93 दिव्यांगजनों को ₹40 लाख के सहायक उपकरण वितरित

काशीपुर, ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) | 24 अक्टूबर 2026

इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड (ALIMCO), कानपुर के सहयोग से काशीपुर में दिव्यांगजनों हेतु निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से 93 पूर्व-चिह्नित दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार लगभग ₹40 लाख मूल्य के 178 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए।

इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड की यह पहल दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास के प्रति कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना तथा उनकी गतिशीलता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अजय भट्ट, माननीय सांसद, नैनीताल (उत्तराखंड) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री त्रिलोक सिंह चीमा, माननीय विधायक, काशीपुर; श्री आशीष गुप्ता, स्वतंत्र निदेशक, इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड; श्री दीपक बाली, माननीय महापौर, काशीपुर; तथा श्री सुदीप मजूमदार, वरिष्ठ महाप्रबंधक, इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड शामिल रहे।

कार्यक्रम में श्री अमन अनिरुद्ध, समाज कल्याण अधिकारी, ऊधम सिंह नगर भी उपस्थित रहे। ALIMCO की ओर से श्री विकास शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक एवं श्री नीरज यादव, अधिकारी (CSR) उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ALIMCO ने क्रियान्वयन सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वितरित किए गए सहायक उपकरणों में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, जॉयस्टिक व्हीलचेयर, व्हीलचेयर, बीटीई श्रवण यंत्र, टीएलएम किट, बैसाखी, छड़ी, दृष्टिबाधित व्यक्तियों हेतु छड़ी एवं किट, वॉकर तथा अन्य सहायक उपकरण शामिल हैं।इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) की इस CSR पहल से दिव्यांगजनों को बेहतर गतिशीलता, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम है।