March 7, 2026

Jaspur Times

News Portal

नेता प्रतिपक्ष, विधायकों के साथ किये दुर्व्यवहार व मुकदमा दर्ज करने के विरोध में कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका

काशीपुर। नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के मतदान के दौरान नेता प्रतिपक्ष, विधायकों के साथ किये दुर्व्यवहार व मुकदमा दर्ज करने के विरोध में सोमवार को कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर मुकदमा वापस लेने की मांग की है। सोमवार को कांग्रेसियों ने महाराणा प्रताप चौक पर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि 14 अगस्त को नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान के दौरान भाजपा द्वारा संरक्षण प्राप्त गुंडों द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदेश, नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य समेत अन्य नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया।कहा कि इस घटना से देव भूमि उत्तराखंड की छवि, उत्तराखंड की संस्कृति को और भारत के संविधान को चोट पहुंची है। महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यों की आलोचना करती है और मांग करती है कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करे और प्रदेश की गरिमा को बनाए रखने के लिए काम करे। यहां कांग्रेसी नेता अरुण चौहान, संदीप सहगल एडवोकेट, हरीश कुमार सिंह, विमल गुड़िया, जितेन्द्र सरस्वती, राजू छीना, सरित चतुर्वेदी, अलका पाल, राकेश भगत, महिला कांग्रेस कमेटी नगर अध्यक्ष पूजा सिंह आदि मौजूद रहे।