March 7, 2026

Jaspur Times

News Portal

दिल्ली लाल किले के पास कार विस्फोट के बाद उत्तराखण्ड में हाई अलर्ट — पिथौरागढ़ पुलिस सतर्क मोड पर

पिथौरागढ़ । दिल्ली स्थित लाल किले के समीप कार में हुए विस्फोट की घटना के बाद पूरे उत्तराखण्ड राज्य में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
इसके दृष्टिगत आज पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, श्रीमती रेखा यादव के नेतृत्व में, क्षेत्राधिकारी श्री गोविन्द बल्लभ जोशी एवं क्षेत्राधिकारी श्री के.एस. रावत के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल, एसएसबी व आईटीबीपी के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।
जनपद के अन्तर्राष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्रों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों व व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को और अधिक तेजी से संचालित किया जा रहा है।
जनपद पुलिस की आम जनता से अपील:

  • किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
  • बिना सत्यापन के किसी बाहरी व्यक्ति को किराये पर न रखें।
  • भ्रामक या अपुष्ट सूचना प्रसारित न करें।
  • किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।