March 7, 2026

Jaspur Times

News Portal

रुद्रपुर:हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

रुद्रपुर, । अंकिता हत्याकांड को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान भगत सिंह चौक से बाटा चौक तक प्रदेश सरकार की सांकेतिक शवयात्रा निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने, निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने और दोषियों को फांसी देने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हत्याकांड में समय-समय पर सामने आ रहे कथित खुलासे इस ओर इशारा करते हैं कि प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने रिजॉर्ट पर की गई बुलडोजर कार्रवाई को भी संदेह के घेरे में बताते हुए आरोप लगाया कि यह साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से की गई। नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस अब तक कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने में विफल रही है, जिससे जनता में आक्रोश है। कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने कहा कि अंकिता भंडारी पहाड़ की बेटी थी। उसे न्याय दिलाना केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा सवाल है। यहां पवन वर्मा, दिनेश पंत, सौरभ शमी, सौरभ बेहड़, सुनील जडच्चानी, मोहन खेड़ा, मोहन कुमार, प्रांजल गाबा, आशीष बाला, विक्रमजीत सिंह, रामकृष्ण कनौजिया, विकास मल्लिक, रंजीत तिवारी, तपन विश्वास, देवानंद स्वर्णकार, रमेन विश्वास, महबूब अंसारी, नदीम खान, इंद्रजीत रहे।

कई कार्यकर्ता बुधवार को मुंडवाएंगे सिर
धरना-प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। जब तक कथित वीआईपी का नाम सामने नहीं आता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को विरोध स्वरूप कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सिर मुंडवाया जाएगा।