March 7, 2026

Jaspur Times

News Portal

हल्द्वानी मे लिव इन में रह रहे युवक-युवती की पत्थरों से कुचलकर हत्या

हल्द्वानी की गल्ला मंडी में गोदाम की छत पर पार्टी के दौरान हुआ था विवाद, चार गिरफ्तार

हल्द्वानी। शहर की नवीन मंडी में बुधवार रात युवक-युवती की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों के चेहरों को पत्थरों (कंक्रीट के ब्लॉक) से इस तरह कुचला गया कि पहचान भी मुश्किल हो रही थी। देर शाम चार लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। पार्टी में हुए मामूली विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है।

गल्ला मंडी स्थित गोदामों के पास बृहस्पतिवार सुबह पौने सात बजे युवक और युवती के खून से लथपथ शव पड़े देख सनसनी फैल गई। पल्लेदारों ने सुरक्षा कर्मियों को इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। उनके पास मिले आधार कार्ड से दोनों की शिनाख्त हुई। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। दिन भर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, फोन नंबर ट्रेस किए और शाम तक चारों हत्यारों को दबोच लिया।
रात नौ बजे पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेसवार्ता कर बताया कि मूल रूप से अल्मोड़ा के लोअर माल रोड तल्ला खोल्टा निवासी शुभम टम्टा (31) उर्फ गोलू पुत्र स्व. किशोरी लाल मुखानी में रहता था। उसके साथ मल्ली
पोखरी ग्राम सभा के पोखरी चकसेदुला गांव ओखलकांडा निवासी लक्ष्मी पोखरिया (19) पुत्री हेम चंद्र पोखरिया लिव इन में रहती थी। दोनों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ गल्ला मंडी स्थित गोदामों की छत पर बुधवार रात पार्टी रखी। खाने-पीने के दौरान उनमें किसी बात को लेकर विवाद हो गया जो मारपीट तक पहुंच गया। इस पर सभी नीचे उतर आए।

वहां भी चारों युवक शुभम से उलझने लगे। इस बीच उन्होंने पास ही पड़े कंक्रीट के ब्लॉक से बेरहम तरीके से सिर कुचलकर शुभम की हत्या कर दी। लक्ष्मी के सामने पूरी वारदात हुई थी। वह घटना की गवाह न बन जाए, इसी अंदेशे से सबने मिलकर उसको भी मार डाला। उसके बाद वे मृतकों के मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। सुबह को घटना की सूचना पर

पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। मौके से खून से सने कंक्रीट के दो ब्लॉक, शराब की तीन खाली बोतलें, सिगरेट आदि बरामद कीं। इधर, दोनों मृतकों के परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपी। वीडियोग्राफी के बीच चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

शुभम के सिर पर किए 10 वार

हत्यारों ने शुभम के सिर पर कंक्रीट के ब्लॉक से 10 वार किए थे जबकि लक्ष्मी दो से तीन वार में ही जमीन पर गिर पड़ी। हत्यारोपियों से हुई पूछताछ में इसका खुलासा हुआ। बताया कि उन्होंने खून से सने कपड़े पास की नहर में धोए। पुलिस ट्रेस न कर सके, इसलिए मृतकों के मोबाइल भी साथ ले गए

इनकी हुई गिरफ्तारी

वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी निवासी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव, तीन पानी खन्ना फॉर्म डी ब्लॉक निवासी सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, उत्तरांचल विहार बड़ी मुखानी पीलीकोटी निवासी दीपेश लटवाल उर्फ राज को गिरफ्तार कर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा कर लिया है।