May 17, 2026

Jaspur Times

News Portal

जसपुर:वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, 2आरोपी गिरफ्तार, 7 पर मुकदमा दर्ज

उधम सिंह नगर:

जसपुर क्षेत्र में कोर्ट के आदेश पर वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया. हमले में पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि आरोपी अपने साथी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए. पुलिस ने दो महिलाओं समेत 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.ज़ब कि पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया हे।

जसपुर क्षेत्र में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब गैर-जमानती वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया. घटना में पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि आरोपी मौके का फायदा उठाकर वारंटी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस विभाग में भी भारी नाराजगी देखी गई.

जानकारी के अनुसार, जसपुर कोतवाली के पतरामपुर चौकी में तैनात उपनिरीक्षक गोविंद सिंह मेहता और कॉन्स्टेबल सुभाष डुंगरियाल देर रात भोगपुर डाम नंबर-2 गांव पहुंचे थे. पुलिस टीम आबकारी अधिनियम के तहत फरार चल रहे गैर-जमानती वारंटी सुखविंदर सिंह पुत्र स्वर्गीय बिशन सिंह को गिरफ्तार करने गई थी. बताया जा रहा है कि पुलिस ने सुखविंदर सिंह को उसके घर के आंगन से हिरासत में ले लिया था और गिरफ्तारी मेमो तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान आरोपी ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया.

शोर सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया. पुलिस के अनुसार कुछ ही देर में वारंटी की मां शिलो कौर, पत्नी मंजीत कौर, भाई मंगत सिंह, चचेरा भाई संदीप सिंह, राजू सिंह और जगपाल सिंह उर्फ जस्सा भी मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों और धारदार पाठल से लैस थे.

उपनिरीक्षक गोविंद सिंह मेहता ने आरोपियों को कोर्ट का वारंट दिखाकर सरकारी कार्य में बाधा न डालने की चेतावनी दी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उग्र हो गए. पुलिस का आरोप है कि सभी ने मिलकर पुलिस टीम को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी. इसी दौरान शिलो कौर ने पुलिसकर्मियों के हाथ से कोर्ट का वारंट छीनने की कोशिश की, जिससे वारंट का एक हिस्सा फट गया.

इसके बाद आरोपियों ने एकजुट होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, संदीप सिंह ने धारदार पाठल से पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया. दोनों पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया, लेकिन हमले में वे घायल हो गए. हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी और उनके साथ मारपीट की.

घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई. हालात इतने बिगड़ गए कि घायल पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए गांव से बाहर निकलना पड़ा. इसी बीच आरोपी अपने साथी सुखविंदर सिंह को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही जसपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे. घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया.
उपनिरीक्षक गोविंद सिंह मेहता की तहरीर पर पुलिस ने दो महिलाओं समेत 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, मारपीट, पुलिस हिरासत से वारंटी छुड़ाने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पहले भी कच्ची शराब बनाने और तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है.

वहीं एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि, कोर्ट के आदेश पर वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपियों द्वारा हमला किया गया है. पूरे मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है.
स्वप्न किशोर सिंह, एसपी काशीपुर