June 12, 2026

Jaspur Times

News Portal

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं विकास के 12 वर्ष : ऊधम सिंह नगर में विकास की नई गाथा

रुद्रपुर 12 जून 2026- जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद ऊधम सिंह नगर विकास, जनकल्याण, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं औद्योगिक प्रगति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों का साक्षी बना है। केंद्र सरकार की योजनाओं एवं विकासात्मक पहलों का लाभ जनपद के लाखों नागरिकों तक पहुंचा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।
प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत जनपद में 10,78,299 लाभार्थियों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 10,74,443 आयुष्मान कार्ड जारी कर पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 3,450 तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 7,040 आवास पूर्ण किए गए हैं। जल जीवन मिशन के माध्यम से 1,95,039 घरों तक नल से जल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 97,168 किसान लाभान्वित हुए हैं, जबकि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत 92,642 लाभार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 1,03,853 महिलाओं को लाभान्वित किया गया है तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11,285 परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत जनपद में 1,100 से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर संचालित हैं। केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं से बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।
जनजातीय समुदायों के विकास के लिए संचालित प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत ऊधम सिंह नगर को देश में प्रथम स्थान प्राप्त होना जनपद के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि केंद्र सरकार की जनजातीय कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।
स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में रुद्रपुर में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का लोकार्पण किया जा चुका है। इसके साथ ही लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर का निर्माण, जिसके संचालित होने पर जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में कार्य प्रगति पर है। यह परियोजना क्षेत्र के नागरिकों को उन्नत एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के विकास हेतु 524.78 एकड़ भूमि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जा चुकी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी, व्यापार, निवेश एवं पर्यटन को नई गति मिलेगी।
सड़क एवं परिवहन अवसंरचना के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। 20.64 किलोमीटर लंबे रुद्रपुर रिंग रोड एवं बाईपास का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुगम हुई है। काशीपुर बाईपास रोड का निर्माण क्षेत्रीय संपर्कता को और मजबूती प्रदान करेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर गदरपुर बाईपास तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर खटीमा बाईपास का निर्माण यातायात दबाव कम करने तथा आवागमन को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में बाजपुर एवं खटीमा में एकलव्य आवासीय विद्यालयों के भवन एवं छात्रावासों का निर्माण किया गया है, जिससे जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध।
औद्योगिक विकास की दिशा में खुरपिया-किच्छा क्षेत्र में लगभग 6,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है, जिससे भविष्य में लगभग 75 हजार से अधिक रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। यह परियोजना ऊधम सिंह नगर को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगी।
इसके अतिरिक्त सितारगंज में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क की स्थापना तथा काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का विकास औद्योगिक निवेश एवं रोजगार सृजन को नई दिशा प्रदान करेगा।
खटीमा में लगभग 7.15 करोड़ रुपये की लागत से सीएसडी कैंटीन भवन का निर्माण पूर्ण किया गया है, जिससे पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों के दौरान ऊधम सिंह नगर में विकास और जनकल्याण की जो नई इबारत लिखी गई है, वह केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच, प्रभावी नीति-निर्माण एवं जनहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम है। जनपद में प्राप्त ये उपलब्धियां विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं तथा आने वाले वर्षों में ऊधम सिंह नगर को विकास के नए आयाम प्रदान करेंगी।