Uttarakhand DIPR Advertisement Uttarakhand DIPR Advertisement
October 19, 2026

Jaspur Times

News Portal

मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों का असर,रिकॉर्ड समय में तमक नाले पर यातायात सुचारु

तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार, वाहनों की आवाजाही हुई सुचारु

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों का असर तमक नाले में मार्ग बहाली के कार्य में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिकॉर्ड समय में तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार कर दिया है, जिसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई है। माननीय मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश थे कि जल्द से जल्द अस्थाई पुल बनाकर यातायात बहाल किया जाए। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रिकॉर्ड समय में यातायात व्यवस्था बहाल किए जाने पर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों को बधाई दी है।

नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बह गया था, जिससे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। वे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप तथा जिलाधिकारी चमोली से लगातार राहत और बचाव कार्य की स्थिति तथा मार्ग बहाली की प्रगति की जानकारी लेते रहे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का कार्य शुरू किया। ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किए जाने के बाद अब इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।

तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता एक व्यक्ति की तलाश में आज दूसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं सीमा सड़क संगठन की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। प्रभावित क्षेत्र के आसपास नदी तट एवं संभावित स्थानों पर गहनता से तलाश की जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम एवं तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि अस्थाई मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा मौके पर तैनात प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों द्वारा दिए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।