क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध मरम्मत सुनिश्चित करें अधिकारी: डीएम
सड़क मरम्मत में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं, लापरवाही और गुणवत्ता में कमी मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई
नैनीताल, 16 अक्टूबर 2026 (सूवि)। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए संबंधित विभागों को अभियान चलाकर मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिशासी अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित की जाए। सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मा० मुख्यमंत्री द्वारा 13 अक्टूबर को आयोजित समीक्षा बैठक में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी संबंधित विभागों को सड़क मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मार्गों पर अभी तक गड्ढे नहीं भरे गए हैं, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए। साथ ही, जिन सड़कों पर पूर्व में गड्ढे भरे जा चुके हैं, लेकिन मरम्मत कार्य में गुणवत्ता की कमी है, उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा ठीक कराया जाए, ताकि सड़कों की स्थिति में स्थायी सुधार हो सके।
उन्होंने कहा कि सड़कें आमजन की सुरक्षित और सुगम आवाजाही का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सड़कों पर गड्ढों के कारण नागरिकों को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित विभाग पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। मरम्मत कार्यों में तकनीकी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त मार्गों को चिह्नित करें और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। कार्यों में अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में सड़क मरम्मत कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

संपादक – जसपुर टाइम्स
पता – लकड़ी मंडी चौराहा, पतरामपुर रोड, जसपुर, 244712
संपर्क – 9927277888
व्हाट्सप्प – 8279368237

More Stories
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया राजकीय महाविद्यालय पतलोट के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं एवं ढोल-नगाड़ों से किया भव्य स्वागत
12 दिसम्बर 2026 को प्रदेशभर में आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत