March 7, 2026

Jaspur Times

News Portal

काशीपुर:तेज़ रफ्तार ने ली एक और जान, माइनिंग चेकपोस्ट पर खड़े डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत

काशीपुर।माइनिंग कंपनी के चेकपोस्ट पर खड़े डंपर की चपेट में आकर एक बाइक सवार की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने कंपनी कार्यालय पर जमकर तोड़फोड़ की और हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया। बाजपुर रोड ग्राम परमानंदपुर के पास कैलाश रिवर माइनिंग कंपनी की चेकपोस्ट हैं। यहां पर प्रतिदिन कंपनी के कर्मचारी खनन वाहनों की रायल्टी चैक करते हैं, जिस कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। शनिवार की शाम चेकपोस्ट के पास डंपरों की कतार लगने से जाम लगा हुआ था। इसी दौरान ग्राम परमानंदपुर निवासी मोहम्मद फैजान (30) बाइक से काशीपुर से घर लौट रहा था। चेकपोस्ट के पास अचानक एक डंपर चालक ने तेज रफ्तार में डंपर चला दिया, जिसकी चपेट में आकर मोहम्मद फैजान गंभीर रूप से घायल हो गया। जैसे ही घटना की जानकारी ग्रामीणों व परिजनों को लगी लोग चेकपोस्ट पर पहुंच गए और हंगामा काटते हुए कंपनी कार्यालय पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। बताया जा रहा है इस दौरान आक्रोशित लोगों कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस व सीओ दीपक सिंह घटना स्थल पर पहुंच गए। जहां पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी लेकर आक्रोशित ग्रामीणों को बमुश्किल शांत कराया।