बागेश्वर 25 फरवरी 2025
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने खोली स्थित निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पानी की फिजूल बर्बादी पाए जाने पर मंडलायुक्त ने ठेकेदार पर ₹20 हजार का अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी गुणवत्ता या समयबद्धता में कमी पाई गई तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था की लैब में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की निगरानी करते हुए रेत एवं कंक्रीट का सैंपल अपने समक्ष परीक्षण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित रूप से सामग्री की जांच सुनिश्चित की जाए ताकि भवन निर्माण में किसी प्रकार की तकनीकी कमी न रहे।
इस अवसर पर एसीएमओ दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण ₹20 करोड़ 58 लाख की लागत से किया जा रहा है। इस ब्लॉक के निर्माण से जनपद में गंभीर रूप से बीमार मरीजों को आधुनिक एवं सुसज्जित उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक – जसपुर टाइम्स
पता – लकड़ी मंडी चौराहा, पतरामपुर रोड, जसपुर, 244712
संपर्क – 9927277888
व्हाट्सप्प – 8279368237

More Stories
जसपुर में व्यवसायी की संदिग्ध हालात में मौत
अग्रवाल सभा का शपथ ग्रहण आज
जसपुर में स्मैक के साथ एक दबोचा