April 24, 2026

Jaspur Times

News Portal

जसपुर के डिग्री कॉलेज में खेल स्पर्धा बनी मारपीट का अखाड़ा

रस्साकसी प्रतियोगिता के दौरान छात्रों में कहासुनी के बाद हुई हाथापाई

जसपुर। राजकीय डिग्री कॉलेज में चल रही खेल प्रतियोगिता मार पिटाई में बदल गई। हाथापाई में छात्रों ने एक दूसरे के कपड़े फाड़ दिए। इससे कॉलेज में हंगामा हो गया। मामला शांत कराने के लिए कॉलेज प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी। प्राचार्य ने संबंधित पुलिस चौकी में घटना के संबंध में तहरीर दी है।

डिग्री कॉलेज शिवराजपुर पट्टी में कॉलेज प्रशासन की ओर से शनिवार को बालक एवं बालिकाओं के लिए वार्षिक खेल एवं योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। कॉलेज के छात्र-छात्राएं इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे थे। छात्राएं प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी थीं। रस्साकसी प्रतियोगिता में छात्रों की एक टीम बेस्ट ऑफ थ्री के पहले सेट में जीत हासिल कर खुशियां मना रही थी। इसी बीच अचानक इस खुशी में छात्रों के बीच कहासुनी हो गई।

मामले ने इतना तूल पकड़ा कि छात्रों ने एक दूसरे के साथ मारपीट

शुरू कर दी और कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान एक छात्र ने मैदान में पड़ी लकड़ी उठाकर दूसरे छात्रों पर तान दी जिस पर दूसरे छात्र ने भी बेल्ट निकाल ली।

शिक्षकों के समझाने पर भी छात्र शांत नहीं हुए और एक दूसरे के साथ अभद्रता करने लगे। इससे कॉलेज में अफरा तफरी मच गई। अतिथियों के सामने ही पूरा

घटनाक्रम होता रहा लेकिन छात्र शांत नहीं हुए।

आरोप है कि छात्र एक-दूसरे को कॉलेज से बाहर देख लेने की धमकी देते रहे। उधर, शिवराजपुर पट्टी चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहली ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। आरोपी छात्रों को बुलाकर मामले की जांच की जा रही है।

पटाक्षेप किए जाने का प्रयास किया जाएगा

घटना की पुलिस को तहरीर दी गई है लेकिन छात्र मामले का पटाक्षेप चाहते हैं। मंगलवार को दोनों गुट को कॉलेज में बुलाया गया है। यदि दोषी छात्रों को अपनी गलती का अहसास हो जाता है तो अभिभावकों एवं संभ्रांत लोगों के सामने मामले का पटाक्षेप किए जाने का प्रयास किया जाएगा। मंगलवार को ही शेष प्रतियोगिता कराकर पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

डॉ. पुष्कर सिंह बिष्ट प्राचार्य, राजकीय डिग्री कॉलेज जसपुर

You may have missed