मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल यात्रा प्रबंधन और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। यमुनोत्री के बाद अब श्री गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। श्री गंगोत्री धाम के यात्रा इतिहास में पहली बार सर्वाधिक 7.84 लाख श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे हैं। श्री यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या 07 लाख के पार पहुंच चुकी है।
चारधाम यात्रा की कुल यात्री संख्या पर नजर दौड़ाएं तो इस यात्राकाल के 147 दिनों (12 सितंबर तक) में 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष की तुलना में यह संख्या 05 लाख 19 हजार 173 अधिक है। बीते वर्ष इतनी ही अवधि में यात्री संख्या 45 लाख 09 हजार 324 थी। यात्रा में अभी लगभग दो महीने का समय शेष है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या में बीते वर्षों की अपेक्षा भारी वृद्धि का अनुमान है।
श्री गंगोत्री धाम की यात्रा ने इतिहास रचा है। यहां पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 07 लाख 84 हजार 321 पहुंची है। इससे पूर्व यहां वर्ष 2022, 2023 और 2025 में श्रद्धालुओं की संख्या ने 07 लाख का आंकड़ा पार किया है। वर्ष 2022 में 07 लाख 81 हजार 961, 2025 में 07 लाख 58 हजार 249 और 2023 में 07 लाख 12 हजार 749 यात्री धाम में दर्शन को पहुंचे थे। श्री यमुनोत्री धाम में वर्ष 2025 में सर्वाधिक 06 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन को पहुंचे थे। इस बार यहां अभी तक 07 लाख 03 हजार 302 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं।
बदरीनाथ यात्रा भी नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। 23 अप्रैल को शुरू हुई बदरीनाथ यात्रा 12 सितंबर को 143 दिन की अवधि पूर्ण कर चुकी है। इस दौरान 17 लाख 28 हजार 578 यात्री भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 03 लाख 45 हजार 733 अधिक है। बीते वर्ष इसी अवधि में दर्शनार्थियों की संख्या 13 लाख 82 हजार 845 थी। श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। यहां बीते कई वर्षों की तुलना में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 03 लाख 19 हजार 135 पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशन में यात्रा को बेहद सतर्कता और निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जनपद में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है। दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने का अनुमान है। इसको देखते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा से जुड़े सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है।

संपादक – जसपुर टाइम्स
पता – लकड़ी मंडी चौराहा, पतरामपुर रोड, जसपुर, 244712
संपर्क – 9927277888
व्हाट्सप्प – 8279368237

More Stories
महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने शुरू किया डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने की सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की स्व-गणना
राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में ‘Populist or Responsible’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित