खटीमा। देवभूमि की एक-एक इंच भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 250 से अधिक अवैध मदरसों को सील करने के साथ ही 500 से अधिक अवैध संरचनाओं पर बुलडोजर चलाकर स्पष्ट संदेश दिया गया है। खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को एक कार्यक्रम में यह बात कही।
हेमवती नंदन बहुगुणा पीजी कॉलेज में छात्रसंघ की ओर से आयोजित विंटर कार्निवाल में सीएम बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हमने 11 हज़ार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को भूमाफिया के कब्जे से मुक्त कराया। दंगारोधी और धर्मांतरण विरोधी कानूनों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा बल्कि जमीन पर सख्ती से लागू करके भी दिखाया है। ऑपरेशन कालनेमि के माध्यम से सनातन धर्म को बदनाम करने वाले ढोंगियों और पाखंडियों पर भी कठोर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर प्रदेश में समरसता, समान अधिकार और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी है। ये सिर्फ कानून नहीं, बल्कि नए उत्तराखंड का संकल्प है।कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसडीएम तुषार सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
धामी बोले- खटीमा मेरी पहचान
उन्होंने खटीमा को अपनी कर्मभूमि बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र उनके लिए केवल एक विधानसभा सीट नहीं, बल्कि घर और पहचान है। इसी भावनात्मक जुड़ाव के कारण यहां के विकास को सरकार की प्राथमिकता में रखा गया है। उन्होंने बताया कि खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए गए हैं। गदरपुर-खटीमा बाइपास और नौसर में पुल निर्माण से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जबकि क्षेत्र में सड़कों के व्यापक नेटवर्क का विकास किया गया है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, चकरपुर में राष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम, आधुनिक आईटीआई, पॉलिटेक्निक कॉलेज और 100 बेड के नए अस्पताल परिसर से क्षेत्र को नई सुविधाएं मिली हैं। विद्यार्थियों के लिए साथी केंद्र और औद्योगिक विकास के लिए सिडकुल की स्थापना भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा-टनकपुर के बीच एक भव्य सैन्य स्मारक का निर्माण प्रस्तावित है, जिस पर शीघ्र कार्य शुरू होगा। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण, खटीमा पीजी कॉलेज में एमकॉम व एमएससी कक्षाओं की शुरुआत और जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में एकलव्य विद्यालय के संचालन से शिक्षा को नई मजबूती मिली है। जमरानी बांध बहुउद्देश्यीय परियोजना से तराई क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य हो रहा है। साथ ही, एम्स के सैटेलाइट सेंटर और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी के माध्यम से स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास को गति दी जा रही है।
बिजली उत्पादन में चार गुना बढ़ोतरी का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आज रोजगार सृजन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रतिव्यक्ति आय में 17 गुना वृद्धि, सड़कों के नेटवर्क में दोगुना विस्तार और बिजली उत्पादन में चार गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है। बेरोजगारी दर में एक वर्ष में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नकल विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से अब तक 28 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पिछले साढ़े चार वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है। सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़ रहा युवा : सीएम
उन्होंने आयोजन के लिए छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि भजन क्लंबिंग जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम यह दर्शाते हैं कि आज का युवा आधुनिक सोच के साथ अपनी सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से भी गहराई से जुड़ा है। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि आज कार्यक्रम का संचालन करने वाले छात्र-छात्राएं भविष्य में राज्य और देश का नेतृत्व करेंगे।

संपादक – जसपुर टाइम्स
पता – लकड़ी मंडी चौराहा, पतरामपुर रोड, जसपुर, 244712
संपर्क – 9927277888
व्हाट्सप्प – 8279368237

More Stories
सांसद अजय भट्ट ने सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की गहनता से समीक्षा
केंद्र सरकार ने उत्तराखंड कैडर के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दी तैनाती
एसएसपी पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में अभियान को मिली सफलता