June 9, 2026

Jaspur Times

News Portal

जसपुर क्षेत्र में 08 अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण, 03 केंद्रों को नोटिस जारी

जसपुर।

ऊधम सिंह नगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 23/04/2026 को जसपुर क्षेत्र में संचालित 08 अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण टीम में डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, जसपुर एवं पीसीपीएनडीटी कोऑर्डिनेटर श्री प्रदीप मेहर उपस्थित रहे।

निरीक्षण का विवरण:
टीम द्वारा सबसे पहले सीएचसी जसपुर स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां यह पाया गया कि रेडियोलॉजिस्ट द्वारा सप्ताह में केवल एक बार अल्ट्रासाउंड सेवा प्रदान की जा रही है।

इसके उपरांत निम्नलिखित केंद्रों का निरीक्षण किया गया:

  1. गर्ग अल्ट्रासाउंड सेंटर
  2. उर्मिला नर्सिंग होम
  3. अरिहंत हॉस्पिटल
  4. गहलोत नर्सिंग होम
  5. किलकारी हॉस्पिटल
  6. परी हॉस्पिटल
  7. एक नए अल्ट्रासाउंड केंद्र के पंजीकरण आवेदन हेतु प्रस्तुत मानकों की जांच

निरीक्षण निष्कर्ष:
निरीक्षण में 05 केंद्रों पर PC-PNDT अधिनियम 1994 के प्रावधानों, फॉर्म-F अभिलेखन, उपकरणों की स्थिति एवं स्टाफ की उपलब्धता को संतोषजनक पाया गया।

वहीं 03 केंद्रों में अभिलेखों में मामूली कमियां एवं रजिस्टर अद्यतन न पाए जाने के कारण सुधारात्मक नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है। संबंधित केंद्रों को 07 कार्य दिवस के भीतर कमियों का निराकरण कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

नए आवेदन वाले केंद्र के दस्तावेजों एवं मशीन के मानकों का भी भौतिक सत्यापन किया गया, जो मानकों के अनुरूप पाए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में लिंग अनुपात सुधार एवं अवैध लिंग जांच पर रोक के लिए नियमित निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। साथ ही जसपुर क्षेत्र की सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु निगरानी कड़ी रखी जाएगी और शीघ्र ही सीमावर्ती जनपदों के साथ संयुक्त निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा।