April 25, 2026

Jaspur Times

News Portal

काशीपुर मे सड़क हादसे मे एसबीआई के असिस्टेंट मैनेजर की मौत

काशीपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे कार टकराने से इसमें सवार एसबीआई के असिस्टेंट मैनेजर की मौत हो गई जबकि उनका साथी जूनियर असिस्टेंट गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बरेली के किशोर बाजार निवासी गौरव सागर (34) पुत्र नरेश कुमार एसबीआई कालागढ़ शाखा में असिस्टेंट मैनेजर थे। रविवार दोपहर वह और चमोली निवासी एसबीआई में जूनियर अस्सिटेंट शुभम नेगी (24) पुत्र धर्मपाल सिंह रुद्रपुर होते हुए सुल्तानपुर पट्टी में अपने एक मित्र से मिलकर शाम को कालागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान केवीआर हाईवे के पास सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में उनकी कार पीछे से टकरा गई। टक्कर लगने से कार सवार वाहन में ही फंस गए। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे गौरव सागर और शुभम नेगी को बाहर निकालकर निजी अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टर ने गौरव को मृत घोषित कर दिया, जबकि शुभम नेगी को आईसीयू में भर्ती किया गया है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी।

सूचना पर बरेली से सोमवार को पहुंचे परिजनों ने बताया कि शनिवार को छुट्टी थी। वह रविवार को घर से कालागढ़ के लिए निकले थे। परिजनों ने बताया कि गौरव सागर परिवार का इकलौता बेटा था। उस पर ही परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी थी। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, एक बेटा अथर्व (6) व बेटी वृद्धि (5) रोता बिलखता छोड़ गए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को भी कब्जे में ले लिया है।

You may have missed