Jaspur Times

News Portal

रिकॉर्ड 2635 मतों से जीते वार्ड नंबर तीन के पार्षद अनिल कुमार. लगातार 15 सालों से जसपुरखुर्द में है इसी परिवार का राज

काशीपुर। काशीपुर के वार्ड नंबर 3 कृष्णा जसपुर खुर्द से भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है।इस बार उधमसिंहनगर जिले में उनकी सबसे बड़ी जीत हुई है। भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के महेंद्र सिंह को 2635 वोटों से पराजित कर इतिहास रचा है। भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार को 3429 वोट,कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह को 794 वोट, निर्दलीय मनीष कुमार को 119 वोट, जबकि 13 वोट नोटा को मिले हैं। साथ ही 200 वोट निरस्त हुए हैं। अनिल कुमार की जीत उधमसिंहनगर जिले में सबसे बड़ी जीत है। उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में भी अनिल कुमार ने भारी वोटों से जीत दर्ज की थी। सामाजिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से जुड़े अनिल कुमार के पिता स्व. बाबूराम जी क्षेत्र में समाजसेवा का पर्याय माने जाते थे। उनके बड़े भाई एडवोकेट आनंद कुमार प्रधान पद को सुशोभित करते हुए समाजसेवा के पथ पर लगातार अग्रसर हैं। पूर्व में नगर निगम के पार्षद संघ अध्यक्ष रहे अनिल कुमार ने इस चुनाव में नामांकन दाखिल किया तो जनता ने उन्हें पलकों पर बिठाते हुए चुनाव प्रचार में भारी सहयोग और समर्थन किया। इस तरह अनिल कुमार की जीत सुनिश्चित मानी जा रही थी। बैलेट बॉक्स खुले तो अनिल ही छाये रहे। इससे समर्थकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा संगठन एवं अपने वार्ड के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित पार्षद अनिल कुमार ने कहा कि वे वार्ड के विकास एवं वार्डवासियों की समस्याओं के निस्तारण को सदैव कृतसंकल्पित रहेंगे। वहीं उनके भाई पूर्व प्रधान एडवोकेट आनंद कुमार ने कहा कि उनका साथ देती जनता ने विकास की राह को चुना है। उन्होंने वार्ड की जनता और भाजपा संगठन का आभार व्यक्त किया है। उनकी इस रिकॉर्ड जीत पर उत्तराखंड करंट के प्रधान संपादक आरडी खान,वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा, पड़ा विकास अग्निहोत्री, अमरपाल सिंह,बनवारी लाल, जितेंद्र, बलराम, मलखान सिंह आदि ने बधाई दी है।